बेतिया। शिक्षा जगत में अपनी अनोखी और सरल पढ़ाने की शैली से देशभर में पहचान बनाने वाले पटना के मशहूर शिक्षक खान सर ने अब समाज सेवा के क्षेत्र में एक और बड़ा कदम उठाया है। उन्होंने चंपारण की धरती से एक ऐसे किफायती डायग्नोस्टिक सेंटर की शुरुआत की है, जिसने स्वास्थ्य सेवाओं की महंगी व्यवस्था को सीधी चुनौती दे दी है। इस केंद्र में आम लोगों को बेहद कम शुल्क पर जरूरी मेडिकल जांच की सुविधा मिल रही है।
खान सर के इस स्वास्थ्य केंद्र में सिर्फ 35 रुपये में एक्स-रे और महज 17 रुपये में किडनी फंक्शन टेस्ट (KFT) किया जा रहा है। आमतौर पर निजी लैब में इन जांचों के लिए सैकड़ों से लेकर हजारों रुपये तक खर्च करने पड़ते हैं, लेकिन यहां दरें इतनी कम रखी गई हैं कि गरीब और मध्यमवर्गीय परिवार भी बिना किसी आर्थिक दबाव के जांच करा सकें।
इस पहल के पीछे खान सर का उद्देश्य उन लोगों तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना है, जो महंगे इलाज और जांच के खर्च के कारण समय पर उपचार नहीं करा पाते। उनका मानना है कि बीमारी से लड़ने में सबसे बड़ी बाधा पैसे की कमी है, और अगर जांच ही सस्ती हो जाए तो समय रहते इलाज संभव हो सकता है।
खान सर का दावा है कि उनके सेंटर में इस्तेमाल की जा रही मशीनें विश्वस्तरीय और आधुनिक तकनीक से लैस हैं। गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया गया है, बल्कि लागत को न्यूनतम रखकर सेवाएं आम जनता के लिए सुलभ बनाई गई हैं। यह पहल स्वास्थ्य क्षेत्र में फैली व्यावसायिक मानसिकता पर एक सशक्त सवाल भी खड़ा करती है।
शिक्षा के बाद अब स्वास्थ्य के क्षेत्र में भी खान सर की सक्रियता ने उन्हें लोगों का भरोसेमंद चेहरा बना दिया है। सोशल मीडिया पर उनकी इस पहल की जमकर सराहना हो रही है। लोग उन्हें गरीबों और जरूरतमंदों के लिए “मसीहा” बता रहे हैं और उम्मीद जता रहे हैं कि भविष्य में देश के अन्य हिस्सों में भी ऐसी सस्ती स्वास्थ्य सेवाएं शुरू होंगी।


























