बिहार। उत्तर बिहार के हवाई यात्रियों के लिए बड़ी राहत की खबर है। Akasa Air 6 अप्रैल से Darbhanga Airport से Bengaluru के लिए सीधी उड़ान सेवा शुरू करने जा रही है। कंपनी ने टिकट बुकिंग भी अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर शुरू कर दी है।
दरभंगा और बेंगलुरु के बीच डायरेक्ट फ्लाइट बंद होने से यात्रियों को लंबे समय से परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। लोगों को या तो वाया हैदराबाद कनेक्टिंग फ्लाइट लेनी पड़ती थी या फिर Jay Prakash Narayan International Airport पहुंचकर विमान पकड़ना पड़ता था। इससे समय और पैसे दोनों की अतिरिक्त लागत आती थी। अब इस सीधी सेवा से यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।

जानकारी के अनुसार, फिलहाल यह उड़ान सप्ताह में पांच दिन संचालित होगी। बेंगलुरु से सुबह 9:40 बजे विमान उड़ान भरकर दोपहर 12:15 बजे दरभंगा पहुंचेगा। वहीं दरभंगा से दोपहर 12:50 बजे प्रस्थान कर यह विमान 3:30 बजे बेंगलुरु पहुंचेगा। समय-सारणी इस तरह बनाई गई है कि यात्रियों को एक ही दिन में सुगम यात्रा का विकल्प मिल सके।
इस नई सेवा से दरभंगा एयरपोर्ट की कनेक्टिविटी और मजबूत होगी। दरभंगा, मधुबनी, समस्तीपुर और सीतामढ़ी सहित उत्तर बिहार के हजारों युवा बेंगलुरु में आईटी और अन्य क्षेत्रों में कार्यरत हैं। ऐसे में घर-परिवार से जुड़ाव और आसान यात्रा उनके लिए काफी अहम है।
हालांकि, होली के मद्देनजर इन दिनों हवाई टिकट के दाम बढ़े हुए हैं। मजबूरी में यात्रियों को महंगे किराये पर सफर करना पड़ रहा है। बावजूद इसके, सीधी उड़ान की घोषणा से लोगों में उत्साह है। प्रमंडलीय चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष पवन कुमार सुरेका ने कहा कि कनेक्टिंग फ्लाइट से समय और धन दोनों की बर्बादी होती है, जबकि अब सीधी सेवा से यात्रियों को बड़ी सुविधा मिलेगी।
Holi Special: एसी बसों से घर लौटिए बिहार, किराए में भारी सब्सिडी का तोहफा


























