बिहार पुलिस में शामिल होने का सपना देखने वाले युवाओं के लिए एक बहुत बड़ी खुशखबरी सामने आई है। सेंट्रल सेलेक्शन बोर्ड ऑफ कांस्टेबल ने प्रोहिबिशन, एक्साइज एंड रजिस्ट्रेशन डिपार्टमेंट में कांस्टेबल पदों पर भर्ती के लिए नोटिफिकेशन जारी किया है। आधिकारिक नोटिफिकेशन के अनुसार, इस प्रक्रिया के माध्यम से प्रोहिबिशन कांस्टेबल के 689 रिक्त पदों पर भर्ती की जाएगी। जिसमें, अनारक्षित वर्ग के 272 पद, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के 68 पद, अनुसूचित जाति वर्ग के 114 पद, अनुसूचित जनजाति वर्ग के 7 पद, अत्यंत पिछड़ा वर्ग के 124 पद, पिछड़ा वर्ग के 83 पद और पिछड़े वर्ग की महिलाओं के 21 पद शामिल हैं। इन पदों पर चयनित अभ्यर्थियों को मैट्रिक्स लेवल 3 के तहत 21,700 रुपए से 53,000 रुपए महीने तक वेतन दिया जाएगा। अभ्यर्थी बिहार पुलिस कांस्टेबल भर्ती 2022 के लिए आधिकारिक वेबसाइट पर 14 नवंबर से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इन पदों पर भर्ती के लिए आवेदन करने की आखिरी तारीख 14 दिसंबर निर्धारित की गई है।
बिहार में कांस्टेबल पदों पर भर्ती के लिए अभ्यर्थी मान्यता प्राप्त बोर्ड से 12वीं या समकक्ष परीक्षा पास होना चाहिए। साथ ही पुरुष अभ्यर्थियों की लंबाई 165 सेमी और महिला अभ्यर्थियों की 155 सेमी होनी चाहिए। इसके अलावा न्यूनतम आयु 18 साल और अधिकतम आयु 25 साल निर्धारित की गई है। हालांकि, सरकारी नियमों के अनुसार आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को इसमें छूट दी जाएगी। बिहार कांस्टेबल भर्ती 2022 के लिए चयन लिखित परीक्षा और फिजिकल टेस्ट के आधार पर किया जाएगा। इस परीक्षा में 100 अंकों के 100 सवाल पूछे जाएंगे और इन सवालों को हल करने के लिए दो घंटे का समय दिया जाएगा। लिखित परीक्षा में 30 प्रतिशत से कम अंक प्राप्त करने वाले अभ्यर्थी शारीरिक दक्षता परीक्षा के लिए असफल घोषित किए जाएंगे। योग्य अभ्यर्थी बिहार कांस्टेबल भर्ती 2022 के लिए आधिकारिक वेबसाइट पर 14 नवंबर से 14 दिसंबर 2022 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए अभ्यर्थियों को 675 रुपए आवेदन शुल्क भी जमा करना होगा। अधिक जानकारी के लिए आधिकारिक वेबसाइट csbc.bih.nic.in पर भी चेक कर सकते हैं।